हरियाणा: जिस हॉकी खिलाड़ी ने कभी अपने शानदार खेल प्रदर्शन और मेहनत से मैदान में अपनी अलग पहचान बनाई और पूरे देश का नाम रोशन किया, आज उनके निधन की खबर से खेल जगत में दुःखी का माहौल है। जुलाना के गांव शादीपुर निवासी पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मास्टर धर्मपाल लाठर ने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके जाने से न सिर्फ एक अनुभवी खिलाड़ी का साथ छूटा, बल्कि भारतीय हॉकी से जुड़ी एक याद भी हमेशा भारतीय दिलो में रह गई।
धर्मपाल लाठर की खेल यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक रही। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद से पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त किया था, जो उन्हें 'हॉकी के जादूगर' के रूप में प्रसिद्ध थे। उस समय खिलाड़ियों के पास आज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, बावजूद इसके उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।
उनके पोते नीरज ने बताया कि धर्मपाल लाठर वर्ष 1969 से 1974 तक हरियाणा की हॉकी टीम के सदस्य थे और दो वर्षों तक टीम की कप्तानी भी की। उनके नेतृत्व में साल 1971 में हरियाणा हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। नीरज के अनुसार, उनके दादा ने खेल में अनुशासन, मेहनत तथा टीम भावना को सर्वोपरि रखा और युवाओं को भी इसी दिशा में प्रेरित करते रहे।
धर्मपाल लाठर ने राजकीय स्कूल में पीटीआई के पद पर नौकरी भी की, यह मौका उन्हें उनके खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों के कारण मिला। उनके परिवार में 70 वर्षीया पत्नी अंगूरी देवी, दो पुत्र यशपाल और रजनीश, पुत्रवधु सुदेश और निर्मला, पोते नीरज और विवेक, पोत्रवधु अंजू और अन्नु एवं पड़पोत्र यशित शामिल हैं।
धर्मपाल लाठर की जिंदगी और उपलब्धियां खेल के क्षेत्र में आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी खिलाड़ी और गुरु को खो दिया है, जिन्होंने हरियाणा के हॉकी खेल को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





