हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 सितंबर को महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 135 करोड़ 42 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम भगवान विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने दुलोठ अहीर से सोहली राजस्थान बार्डर तक सड़क निर्माण के लिए 52.5 लाख रुपये, सोहला और मांडोला में नहरी पानी के वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये, वहीं देवावास, भगडाना, माजरा कलां और डैरोली जाट में नहरी पानी के वाटर बॉडी के लिए भी 15 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाने की घोषणा की।
साथ ही, डुलाना से रेवाड़ी सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए आवंटित किए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने जांगिड धर्मशालाओं और छात्रावासों के लिए भी वित्तीय सहायता घोषित की। जींद में जांगिड धर्मशाला व कुरुक्षेत्र में विश्वकर्मा कौशल भवन व छात्रावास के लिए आवेदन करने पर नियमानुसार प्लॉट दिए जाएंगे, जबकि महेन्द्रगढ़ में छात्रावास हेतु 31 लाख रुपये की राशि अपने एच्छिक कोष से उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महेन्द्रगढ़ से अटेली सड़क के नवीनीकरण कार्य (13.70 करोड़ रुपये), खातोदड़ा से नांगल माला सड़क के नवीनीकरण (12.77 करोड़ रुपये), बाघोत गांव में नवर्निमित 33 केवी सब स्टेशन (5.62 करोड़ रुपये), नांवा में व्यायामशाला (69.70 लाख रुपये), डुलाना गांव में पशु अस्पताल (40.29 लाख रुपये) और खुडाना गांव में जलघर (14.26 करोड़ रुपये) का उद्घाटन किया।
शिलान्यास के अंतर्गत सुरजनवास गांव में 64.50 लाख रुपये की आयुष डिस्पेंसरी, डालनवास गांव में नया 33 केवी सब स्टेशन (8.43 करोड़ रुपये), लावन गांव में जलघर (6.36 करोड़ रुपये), महेन्द्रगढ़ शहर में ड्रेनेज सिस्टम परियोजना (12.80 करोड़ रुपये), सिवरेज सिस्टम परियोजना (20.51 करोड़ रुपये), नगर पालिका के नए भवन (4.36 करोड़ रुपये), तथा महेन्द्रगढ़ किले के जीर्णोद्धार परियोजना (8.83 करोड़ रुपये) का काम शामिल है।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश के 11 स्कूलों के नए भवनों के निर्माण के लिए 26.37 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं तथा 3396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों को खेल अनुदान के रूप में 1-1 लाख रुपये की दर से कुल 33.96 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने समारोह में कहा कि इन विकास परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और स्थानीय जनता की जीवनशैली में सुधार करना है। उन्होंने स्थानीय जनता से इन परियोजनाओं का उचित उपयोग करते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी लेने का भी आग्रह किया।
यह केंद्रीय और राज्य सरकार की विकास योजनाओं के तहत महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरों के लिए एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जो इस क्षेत्र की सामाजिक व आर्थिक प्रगति में मददगार साबित होगा।





