हरियाणा: मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला (नूंह) में शिक्षक और कर्मचारियों की 38 दिनों से चली आ रही हड़ताल और छात्रों की भूख हड़ताल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक आफताब अहमद ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील करते हुए मुख्यमंत्री को एक पत्र भी सौंपा है।
कॉलेज में लगभग 100 टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ कार्यरत हैं, वहीं विद्यार्थियों की संख्या करीब 700 है। इस समय दो छात्र पिछले आठ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, जिनकी तबियत बिगड़ने की खबरें भी सामने आई हैं। वहीं, शिक्षक और कर्मचारी बताते हैं कि उनकी मांगें पूरी न होने की वजह से हड़ताल जारी रखना पड़ रहा है।
शिक्षकों की मुख्य मांगों में नियमित वेतन भुगतान और 7वें वेतनमान का लाभ शामिल है। कर्मचारियों का डीए वर्ष 2018 से बंद है और वे उसे एरियर सहित वापस देने की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में उन्हें छठे वेतन आयोग की दर से वेतन मिलता है, जबकि वे हरियाणा वक्फ बोर्ड के स्टाफ की तर्ज पर 7वें वेतनमान की व्यवस्था चाहते हैं।
साथ ही कॉलेज में शिक्षकों की कमी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। स्टाफ और छात्र दोनों की मांग है कि पढ़ाई में बाधा न पड़े इसलिए पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। हाल ही में हटाए गए गेस्ट और कांट्रैक्चुअल टीचर्स को भी पुनः नियुक्त किए जाने की मांग उठ रही है।
विद्यार्थियों ने कॉलेज भवन और छात्रावास की स्थिति को भी लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भवन और हॉस्टल की मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है ताकि उन्हें बेहतर शैक्षिक और आवासीय सुविधा मिल सके।
इस मामले में विधायक आफताब अहमद ने कहा है कि लंबे समय से चले आ रहे इस गतिरोध का जल्द समाधान होना चाहिए, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने कॉलेज और राज्य सरकार से अपेक्षा जताई है कि वे शिक्षक और छात्र दोनों की समस्याओं को प्राथमिकता दे।





