हरियाणा: हरियाणा के पानीपत में एक फैक्ट्री में काम के दौरान 25 वर्षीय युवती गीता की हुई दर्दनाक मौत। गीता, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की निवासी थी, पानीपत के कुलदीप नगर में अपने परिवार के साथ रहती थी और बालाजी फैक्ट्री में काम करती थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी गीता के कंधों पर थी क्योंकि उनके पिता बीमार थे और मां गृहिणी थीं। उसके बड़े भाई-बहन की शादी हो चुकी थी और वे अलग रहते थे।
घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे उस समय हुई जब गीता कंबल बनाने वाली पोलिशर मशीन की पल्ल मुड़ी हुई हालत को ठीक करने लगीं। इसी दौरान उसके बाल मशीन की चपेट में आ गए और मशीन ने उसका सिर भी खींच लिया। इस कारण उसके सिर की खाल उखड़ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद गीता मशीन में फंस गई, जिसे खोलने में करीब एक घंटा लगा। जब उसे बाहर निकाला गया तो उसकी हालत गंभीर थी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें गीता का सिर मशीन में फंसा दिखाई दे रहा है और लोग उसे निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को मॉर्च्युरी में रखा गया है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और मशीनों की देखरेख के मामले में भी जांच हो सकती है। यह हादसा फैक्ट्री में काम करते समय सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर करता है, खासकर उन मजदूरों के लिए जो आर्थिक रूप से अपने परिवारों की मदद करते हैं।





