पानीपत, हरियाणा: पानीपत के सनौली रोड पर शुक्रवार रात लगभग 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना पवनांजलि अस्पताल के पास घटी, जब तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से उस युवक की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिर गया और पिकअप उसके ऊपर से निकल गई।
मृतक युवक की पहचान दुर्गा कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय सौरव सैनी के रूप में हुई है। सौरव मजदूरी करता था और हादसे से पहले वह सब्जी मंडी से घर का जरूरी सामान लेकर बाइक पर घर लौट रहा था।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची, जिसने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की शवगृह में रखवाया। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई, जिससे परिवार में शोक की लहर फैल गई।
सौरव के बड़े भाई वीनू सैनी ने बताया कि परिवार में पहले से ही पिता का निधन हो चुका है और सौरव अविवाहित था। वह मजदूरी कर परिवार का सहारा था। सब्जी मंडी से सामान लेकर वापस लौटते समय हुई इस दुर्घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।





