रोहतक, हरियाणा: रोहतक-झज्जर मार्ग पर गांव शिमली के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रविवार रात हुए हादसे में जान गंवाने वाले मुकेश, नागेंद्र और भोला के शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में घायल अंशुल का उपचार जारी है। तीनों मृतकों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब नागेंद्र का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और मां कौशल्या उसे देखकर बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी।
जानकारी के अनुसार, झज्जर के बेरी से टेंट का सामान लेकर रोहतक लौट रहे लोगों का वाहन गांव शिमली के पास पहुंचा तो उसका टायर फट गया। इसके बाद सभी लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदलने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।

नागेंद्र का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने पर उसकी मां कौशल्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले जैसे ही मां ने बेटे का शव देखा, वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। मां के मुंह से बार-बार यही शब्द निकल रहे थे कि हम तो तेरी शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही तू हमें छोड़कर चला गया।
नागेंद्र जब महज दो साल का था, तभी उसके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद मां कौशल्या ने ही नागेंद्र और उसके भाई नितिन की परवरिश की। नितिन की शादी हो चुकी थी, लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। ऐसे में कौशल्या चाहती थी कि नागेंद्र की शादी जल्द हो जाए, ताकि घर में बहू आ सके। परिवार में बेटे की शादी की तैयारी और भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे, लेकिन हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाला मुकेश (26) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के गांव शाहपुर का रहने वाला था। उसकी मौत की सूचना मिलने पर मंगलवार दोपहर उसका चचेरा भाई उत्तम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। उत्तम ने बताया कि मुकेश की तीन बहनें रोशनी, कीर्ति और कांति हैं। वह परिवार में इकलौता भाई था। मुकेश के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी, जिसके बाद उसके ताऊ-ताई ने उसकी परवरिश की।
उत्तम के अनुसार, करीब सात दिन पहले ही उसकी मुकेश से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान मुकेश ने कहा था कि वह दिवाली के बाद रोहतक आएगा, क्योंकि यहां उसे काम मिल जाएगा। परिवार को उम्मीद थी कि दिवाली के बाद मुकेश वापस आकर काम शुरू करेगा, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर पहुंच गई। जिस युवक से परिवार को दोबारा मिलने की उम्मीद थी, उसका शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।
हादसे में जान गंवाने वाला भोला रोहतक में सुनारिया चौक के पास रहता था। उसके माता-पिता की भी बचपन में ही मौत हो गई थी। इसके बाद टेंट मालिक ने ही उसकी परवरिश की और उसे बेटे की तरह रखा। भोला टेंट के काम में भी हाथ बंटाता था और सामान लाने-ले जाने की जिम्मेदारी संभालता था।
इसी काम के सिलसिले में भोला, मुकेश, नागेंद्र, अंशुल, सूरज और अन्य लोग झज्जर के बेरी से टेंट का सामान लेकर रोहतक लौट रहे थे। गांव शिमली के पास टायर फटने के बाद वे सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान कार की टक्कर ने तीन लोगों की जान ले ली। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों और परिचितों का बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।





