दिल्ली: नई दिल्ली में कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां खान का निकाह भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के पुत्र अरवाज हुसैन से संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने नवविवाहित जोड़े को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

निकाह समारोह नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित PSOI क्लब में रविवार की रात आयोजित किया गया। समारोह में दोनों परिवारों के सगे संबंधी और अनेक मेहमान उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जोड़े को खुशीभरा जीवन व्यतीत करने की उज्जवल कामना की।
निकाह समारोह में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास महत्व प्रदान किया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एकत्रित हुए, जो सामाजिक सद्भाव और पारिवारिक मेलजोल को दर्शाता है।

अफशां खान, हरियाणा के जगाधरी क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अकरम खान की पुत्री हैं। अकरम खान ने 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त की। वर्ष 2009 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जगाधरी सीट से जीत दर्ज की, और बाद में कांग्रेस में शामिल हुए। वर्तमान में वह वर्ष 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए, जहाँ उन्हें 67,403 वोट प्राप्त हुए।






