हरियाणा: हरियाणा के फरीदाबाद में एक दुखद घटना में एक युवक ने शादी के छह महीने बाद आत्महत्या कर ली। मृतक सतबीर (22) की मां जब बाजार से लौट रही थीं, तो उन्होंने घर के कमरे में उसे फंदे पर लटका पाया। परिवार ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी वंदना का किसी अन्य युवक के साथ संबंध था, जिसके कारण युवक मानसिक रूप से परेशान था।
सतबीर और उसकी पत्नी वंदना की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। सतबीर ने सुनने और बोलने में असमर्थ होने के बावजूद अपने पिता के साथ जूते बेचने का काम किया करता था। वह नेहरू कॉलोनी में रहता था और उसका परिवार सेक्टर-22 की मच्छी मार्केट में रहता है। उसका छोटा भाई कमल (20) भी शादीशुदा है और अपने ससुराल में रहता है।
परिवार के अनुसार, सतबीर ने दो महीने पहले अपनी पत्नी को एक अन्य युवक के साथ घूमते देखा था, जिसके बाद वह वंदना मायके चली गई। युवक ने पत्नी को वापस लाने की कई बार कोशिश की, लेकिन वंदना वापस नहीं आई।
मृतक के चचेरे भाई शिवा ने बताया कि मौत से एक दिन पहले सतबीर अपनी पत्नी को लेने उसके मायके गया था, जहां ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद उसकी हालत और खराब हो गई थी। रविवार शाम लगभग पांच बजे जब उसकी मां बाजार से लौटीं, तो उन्होंने सतबीर को फंदे से लटकता पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सैनिक कॉलोनी पुलिस चौकी के सब-इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने बताया कि परिवार ने इस संबंध में अभी तक किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया है और धारा 174 के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।





