रोहतक, हरियाणा: त्योहारी सीजन को देखते हुए रोहतक जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट वालो के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। रोहतक, महम, कलानौर और सांपला जैसे क्षेत्रों में आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विशेष जांच और सैंपलिंग अभियान चलाया गया हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, हरियाणा के दिशा-निर्देशों और अतिरिक्त उपायुक्त के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में कुल 91 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए , जिनमें 61 एनफोर्समेंट और 30 सर्विलांस सैंपल शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोहतक की टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता और साफ-सफाई की भी जांच की ताकि त्योहारी मांग के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जांच के दौरान विभाग ने तीन दुकानों से कुल 238 किलोग्राम नकली पनीर, एक दुकान से 80 किलोग्राम घटिया गुणवत्ता का खोया और एक दुकान से 72 किलोग्राम खराब गुणवत्ता की मिठाइयां जब्त कर उन्हें नष्ट कराया। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को त्योहारी सीजन में मिठाइयों पर उचित लेबल लगाने के निर्देश भी दिए हैं। यह लेबल मिठाई में प्रयुक्त सामग्री और घी के प्रकार की स्पष्ट जानकारी प्रदान करेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह साफ किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण और कार्रवाई अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। इस पहल का उद्देश्य त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और सुरक्षित खाद्य पदार्थ प्रदान करना है।





