रोहतक, हरियाणा: दीपावली के त्योहार पर जब पूरी दुनिया आनंद और उत्साह से रोशन हो रही थी, वहीं पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक और स्टाफ अपनी ड्यूटी में पूरी तत्परता से मरीजों की सेवा में जुटे रहे। कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में ट्रॉमा सेंटर ने दीवाली के दो दिनों में कुल 125 जलने के मामलों का सफल उपचार किया।
पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एम. जी. वशिष्ठ ने बताया कि 7 नवंबर को ट्रॉमा सेंटर में 11 बर्न मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जबकि 8 नवंबर यानी दीवाली के दिन मरीजों की संख्या तेज़ी से बढ़कर 114 हो गई। इस दौरान कुल छह मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जो अब पूरी तरह से स्थिर स्थिति में हैं। बाकी सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित घर भेज दिया गया।
डॉ. वशिष्ठ ने यह भी बताया कि अस्पताल में किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा। अतिरिक्त स्टाफ की मदद से मरीजों को तुरंत और प्रभावी उपचार प्रदान किया गया। ट्रॉमा सेंटर में कोई भी एमएलसी (मेडिकल लीगल केस) बर्न केस दर्ज नहीं हुआ, जो अस्पताल प्रबंधन की तैयारी और लोगों की जागरूकता का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने बताया कि दीवाली से दो दिन पहले ही ट्रॉमा सेंटर को हाई अलर्ट पर रखा गया था। इन निर्देशों के तहत ट्रॉमा सेंटर में विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया, जिसमें अतिरिक्त बेड, दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री, विशेषज्ञ डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई। इस व्यापक तैयारी की वजह से बड़ी संख्या में रोगियों को बिना किसी देरी के उपचार मिल सका।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल इलाज करना ही नहीं, बल्कि हर मरीज को बेहतर और समय पर सेवा देना है। दीवाली के दौरान ट्रॉमा टीम ने दिन-रात मेहनत की है, जिस पर पूरे पीजीआईएमएस को गर्व है। उन्होंने यह भी बताया कि भर्ती किए गए सभी छह मरीज अब स्थिर हैं, जो उनकी सबसे बड़ी खुशी और त्योहार की शुभकामना है।
डॉ. अत्री ने ट्रॉमा सेंटर में तैनात सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल और सफाई कर्मचारियों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने त्योहार के मौके पर अपने परिवार से दूर रहकर मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दी।
डॉ. वशिष्ठ ने आम जनता से भी अपील की है कि दीपावली जैसे त्योहारों पर आतिशबाजी में अत्यंत सावधानी बरतें, बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें, और अगर जलने जैसी घटना हो तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत प्रभावित स्थल को साफ पानी से धोएं और नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
इस मौके पर ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज डॉ. हेमंत मोर, डीएमएस इंचार्ज डॉ. पंकज छिक्कारा सहित सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी अपना पूर्ण सहयोग दिया।
यह पूरी तैयारी एवं समर्पित सेवा दीपावली के पर्व को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ पीजीआईएमएस रोहतक के स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता को दर्शाती है।





