रोहतक, हरियाणा: सदर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सोलधा गांव में दो अवैध पटाखा फैक्ट्री और एक गोदाम पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि इन स्थानों पर भारी मात्रा में पटाखों के कार्टून मिले हैं, जिनकी कीमत 30 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि, मौके पर कोई कर्मचारी नहीं मिला है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि यहां कितनी मात्रा में पटाखे तैयार या भंडारित किए गए थे और किस प्रकार की गतिविधियां चल रही थीं।
डीसीपी शुभम सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सोलधा में अवैध तरीके से पटाखों का उत्पादन और भंडारण किया जा रहा है। जांच के बाद तीन स्थानों पर दबिश दी गई, जहां पटाखों के साथ-साथ पटाखा बनाने की मशीनें भी बरामद हुईं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में फैक्ट्री मालिक के रूप में देव चौधरी निवासी अस्थल बोहर, रोहतक, तथा गोदाम के मालिक अजय और कृष्ण निवासी सोलधा के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच चल रही है।
सदर थाना एसएचओ मनोज कुमार ने कहा कि जांच के दौरान यह देखा जा रहा है कि क्या पटाखों के निर्माण और भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
डीसीपी के अनुसार, अभी यह सुनिश्चित नहीं हो पाया है कि कुल कितनी मात्रा में पटाखे पकड़े गए हैं। पुलिस उन्हें गिन रही है और नियम के अनुसार एफआईआर दर्ज कर मामले को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश में जुटी है और अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।





