दिल्ली: मध्य प्रदेश से हरियाणा तक फैले अवैध हथियारों के नेटवर्क का गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। पुलिस ने खरगोन जिले से दो ऐसे सप्लायरों को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा में हथियारों की खेप पहुंचाने आए थे। आरोपियों के पास से 8 अवैध पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी पिछले आरोपियों दीपक और राहुल से मिली जानकारी के आधार पर हुई, जिन्होंने पहले भी इस गिरोह को हथियारों की खेप भेजी थी। जांच में पता चला कि गिरफ्तार दुर्गेश और नरेंद्र ने दीपक और राहुल को पहले 5 पिस्टल और 11 मैगजीन सप्लाई की थीं। अब तक इस पूरे गिरोह से कुल 13 अवैध पिस्टल और 27 मैगजीन बरामद हो चुकी हैं।
यह हथियार तस्कर बस के माध्यम से मध्य प्रदेश से गुरुग्राम लाते थे, जिन्हें दिल्ली-एनसीआर के स्थानीय अपराधियों को सप्लाई किया जाना था। लेकिन हथियारों की डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले लगभग चार वर्षों से इस अवैध हथियार धंधे में संलिप्त हैं और प्रत्येक हथियार की डिलीवरी पर 7,000 रुपये कमीशन मिलता था।
पुलिस अभी मुख्य सरगना और अन्य खरीदारों की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में अवैध हथियार निर्माण केंद्र की भी जांच जारी है, जहां हथियार बनाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित किए हुए है।





