महेंद्रगढ़, हरियाणा: महेंद्रगढ़ की अनाज मंडियों में शुक्रवार को उस समय देर शाम हलचल बढ़ गई जब कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे। मंत्री ने सतनाली, कनीना और महेंद्रगढ़ मंडी में बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फसल की गुणवत्ता से लेकर खरीद और उठान तक की जानकारी अधिकारियों से ली। ।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को फसल बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री ने फसल के समय पर उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनमें खरीद प्रक्रिया, गेट पास और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया।

किसानों से संवाद करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर किसान के एक-एक दाने की खरीद सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने भावांतर भरपाई योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अगर बाजरे की फसल निजी बाजार में 2300 से 2400 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकती है, तो सरकार 600 रुपए तक के अंतर की भरपाई करेगी। पिछले सत्र में किसानों को बाजरे पर 575 रुपए प्रति क्विंटल की भावांतर राशि प्रदान की गई थी।
मंत्री ने आगे बताया कि इस सीजन की सरकारी खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिकॉर्ड मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसके बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे भावांतर की राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, मंत्री ने महेंद्रगढ़ की पुरानी अनाज मंडी की जगह एक आधुनिक मंडी के निर्माण की भी घोषणा की। विधायक कंवर सिंह यादव की मांग पर नई मंडी के लिए 45 एकड़ जमीन आवंटित की गई है और इसके निर्माण हेतु सरकार ने 9 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। आवश्यकता पड़ने पर बजट बढ़ाने की संभावना भी जताई गई है। सरकार का प्रयास है कि आगामी फसल सीजन तक इस नई मंडी का निर्माण पूरा हो जाए।
सतनाली मंडी में मार्केट कमेटी के चेयरमैन भागीरथ शेखावत ने नए शेड और चारदीवारी निर्माण की मांग की, जिस पर कृषि मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता शुभम अग्रवाल, एसडीओ प्रवेश, मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुमार, मंडी सुपरवाइजर मनोज कुमार यादव तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।





