उत्तराखंड: रेवाड़ी में सोमवार की देर शाम एक 21 वर्षीय युवती निकिता का शव फंदे पर लटका मिला। निकिता और उसके पति अंकित कुमार ने हाल ही में लव मैरिज की थी। घटना की जानकारी तब हुई जब अंकित शाम को कंपनी से लौटे और उन्होंने युवती को छत के पाइप से बंधी चुन्नी के सहारे फंदे पर लटकी देखा।
अंकित कुमार धारूहेड़ा की एक कंपनी में काम करते हैं और दोनों कापड़ीवास गांव में किराए के कमरे में रहते थे। पुलिस ने बताया कि निकिता और अंकित मूल रूप से पिथौरागढ़, उत्तराखंड के रहने वाले हैं। शादी कब हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है, पर बताया गया है कि निकिता के मायके वालों को इस शादी की जानकारी नहीं थी।
सूचना मिलने पर धारूहेड़ा के सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाकर पूरी जांच कराई और शव को फंदे से उतारा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल युवती के सुसाइड के कारण स्पष्ट रूप से पता नहीं लगा पायी है।
पुलिस ने निकिता के मायके पक्ष को सूचना दे दी है, लेकिन अभी तक परिजन रेवाड़ी नहीं पहुंचे हैं। परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की विस्तार से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता चला सके।





