रोहतक, हरियाणा: रोहतक के बैंसी गांव में सरकारी स्कूल के 5 कमरों की नीलामी को लेकर अचानक विवाद हो गया। नीलामी की भनक लगते ही ग्रामीण नाराज़ हो गए और महिलाएं भी विरोध में उतर आईं। हैरानी की बात तो यह है कि गांव के सरपंच को भी इसकी जानकारी एक दिन पहले मिली थी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल में पहुचे और नीलामी की कार्रवाई रुकवा दी। आखिरकार ग्रामीण इस नीलामी का विरोध क्यों कर रहे हैं और स्कूल के कमरों को तोड़ने की यह नौबत क्यों आई? जानिए पूरा मामला।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के प्राथमिक स्कूल और लड़कों के हाई स्कूल की बिल्डिंग को लगभग तीन साल पहले कंडम घोषित कर तोड़ा जा चुका है। उन सभी विद्यालयों के छात्रों को अब अन्य स्कूलों में पढ़ाई के लिए भेजा गया है। अब गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पांच कमरों को भी तोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
सरपंच अमन जांगड़ा ने मौके पर पहुंचकर नीलामी को रोक दिया। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल के इन कमरों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। सरपंच ने बताया कि प्राथमिक एवं हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए लगभग तीन करोड़ छह लाख रुपए की राशि एक वर्ष पूर्व सरकार से स्वीकृत हुई है, लेकिन अबतक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
ग्रामीण राकेश ने बताया कि कंडम की गई प्राथमिक और हाई स्कूल की जगह छात्रों को मॉडल संस्कृति प्राइमरी गर्ल्स स्कूल और गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाया जा रहा है। अब जब लड़कियों के स्कूल के भी पांच कमरों को तोड़ने की प्रक्रिया चल रही है, तो बच्चों की पढ़ाई के लिए स्थान का अभाव होगा। उन्होंने यादवों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सुविधाएं न देकर बच्चों की शिक्षा प्रभावित की जा रही है।
सरपंच अमन जांगड़ा ने बताया कि कुल 12 कमरों वाले गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में से पांच को कंडम कर टूटाने के लिए नीलामी निकाली जा रही थी, जिसे ग्रामीणों के सहयोग से रोक दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से लड़कों के स्कूल भवन निर्माण को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
इस पूरे प्रकरण में ग्रामीण शिक्षा सुविधाओं की कमी को लेकर चिंतित हैं और शिक्षा की गुणवत्ता और निरंतरता को बनाए रखने के लिए प्रशासन से तुरंत कदम उठाने का आग्रह कर रहे हैं।





