रोहतक, हरियाणा: हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की लगभग 45 घंटे चली हड़ताल खत्म होने के अगले दिन यानी शनिवार को रोहतक के महम में तैनात एक्सईएन संजीत कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। यह निर्णय उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने लिया और संबंधित आदेश जारी किए हैं। सस्पेंशन की अवधि के दौरान संजीत कुमार पंचकूला स्थित निगम कार्यालय में रहेंगे और बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
कुछ दिन पूर्व ही संजीत कुमार को सब डिवीजनल इंजीनियर (SDO) से एक्सईएन पद पर प्रमोट किया गया था। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होते ही बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने के आदेश दिए। हालांकि उस दौरान संजीत कुमार कार्यालय में मौजूद नहीं थे और विभागीय अधिकारियों के फोन का कोई जवाब नहीं दिया। इस कारण और मुख्यमंत्री के निर्देश के तहत उनके खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की गई है।
जब इस संबंध में बिजली निगम के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) विजेंद्र नरवाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि सरकार ने पूरे प्रदेश में बिजली आपूर्ति को तुरंत बहाल करने के आदेश जारी किए थे। साथ ही अधिकारियों की एक सूची भी मांगी गई थी, जिसमें यह स्पष्ट किया जाना था कि कौन अधिकारी उपस्थित है और कौन अनुपस्थित। संजीत कुमार से उस समय संपर्क नहीं हो पाया, न ही उन्होंने फोन रिसीव किया। इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
बिजली कर्मचारियों ने 22 अक्टूबर की रात 10 बजे से 23 अक्टूबर की शाम तक करीब 45 घंटे हड़ताल पर रहते हुए कार्य बंद रखा था। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह क्षेत्रों में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 साल के लिए बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस दिए जाने के हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के फैसले का विरोध कर रहे थे।
हड़ताल के दौरान शुक्रवार शाम को पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बिजली मंत्री अनिल विज और कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। इस बैठक में सरकार ने बिजली अधिनियम की धारा 108 के तहत आयोग को निर्देश देकर उस फैसले की समीक्षा करवाई और समानांतर लाइसेंस पर रोक लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने और कार्य पर लौटकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हड़ताल खत्म होते ही प्रदेशभर में बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने के निर्देश जारी किए। उन जिलों में जहां बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, वहां जल्द से जल्द सप्लाई शुरू करने और तकनीकी खराबियों को प्राथमिकता से ठीक कराने के कदम उठाने को कहा गया। इसके अलावा, सभी जिलों से रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी गई। इसके लिए कंट्रोल रूम भी चालू रखने के निर्देश दिए गए ताकि लोगों की शिकायतों का समाधान किया जा सके।





