रोहतक, हरियाणा: हरियाणा में इस बार दिवाली से पहले ही वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर रूप से बढ़ गया है। गुरुवार को देश के सबसे प्रदूषित 12 शहरों में से 7 शहर हरियाणा के थे, जिनका एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के ऊपर था। विशेष रूप से गुरुग्राम के पंचगांव में AQI 391 दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक प्रदूषित स्थान बना।
इन प्रदूषण स्तरों के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई, आंखों में जलन, गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नवजात शिशु, बुजुर्ग और सांस की बीमारी से ग्रस्त लोग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
सरकारी एवं निजी कार्यालयों में प्रदूषण के खतरे को देखते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में आधे कर्मचारियों को ही ऑफिस आने की सलाह दी गई है, बाकी को घर से काम करने की हिदायत दी गई है। साथ ही, निर्माण कार्यों पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं, हालांकि मेट्रो, रेलवे, अस्पताल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को छूट दी गई है।
प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन करने वाली 28 कंपनियों को रोहतक में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने नोटिस जारी किया है। वहीं, गुरुग्राम में धूल नियंत्रण आदेशों का पालन न करने पर 54 चालान और 13.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर तक हरियाणा में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, जिससे प्रदूषण की समस्या बनी रहेगी। 14 नवंबर को बारिश की संभावना है, जो प्रदूषण से राहत दिला सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार पराली जलाने के मामले कम हैं, लेकिन ठंडा और स्थिर मौसम प्रदूषण के कणों को नीचे जमाए रख रहा है, जिससे सांस लेना और भी मुश्किल हो गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पिछले पांच दिनों से मौसम शुष्क रहने और हल्की पुरवाई का असर प्रदूषण में वृद्धि कर रहा है। धुआं, धूल और नमी के कारण स्मॉग की स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में हल्की हवाओं से तापमान में बदलाव आ सकता है, लेकिन 14 नवंबर तक बारिश का इंतजार करना होगा, तभी प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।





