रोहतक, 9 सितंबर। यह कहानी आंसुओं से भीगी है, लेकिन इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल भी है। सेना के एक जवान की 30 साल की पत्नी, दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों की मां, राजस्थान की रहने वाली एक महिला को अचानक ब्रेन हेमरेज हो गया।
परिवार ने चंडी मंदिर स्थित कमांड हॉस्पिटल चंडीमंदिर कैंट में इलाज के लिए भर्ती कराया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। डॉक्टरों ने महिला को ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
जिस घर में दो छोटे बच्चों की किलकारी गूंजती थी, वहां मातम पसर गया। पति के कंधों पर एक तरफ देश की रक्षा के साथ दो मासूम बच्चों की जिम्मेदारी थी और दूसरी तरफ पत्नी के बिछड़ने का असहनीय दर्द। लेकिन इसी दर्द और गम के बीच उस जवान पति ने वो साहसिक और महान फैसला लिया, जिसने आज चार लोगों की जिंदगी बचा ली और कई परिवारों को रोने से बचा लिया।
पति ने भारी मन से अपनी पत्नी के अंगदान के लिए हामी भर दी।
इस महान दान की जानकारी देते हुए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता का सबसे बड़ा बलिदान है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि फौजी परिवार ने देश की रक्षा करते हुए तो बलिदान दिया ही था, आज एक फौजी की पत्नी ने जाते-जाते भी देश के लोगों को जीवन दान दे दिया। 30 साल की उम्र में दो छोटे बच्चों को छोड़कर जाना बेहद दर्दनाक है, लेकिन उनके पति ने जिस हिम्मत का परिचय दिया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने अपने निजी दुख को भूलकर दूसरों के घरों में उजाला करने का फैसला किया। ऐसी महान आत्मा को हम सब नमन करते हैं। कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने बताया कि महिला के अंगदान से कुल छह लोगों को नया जीवन मिला है।
कुलपति की पूरे प्रदेश से अपील
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने पूरे हरियाणा और देशवासियों से अपील की कि इस परिवार के जज्बे को सलाम करें और अंगदान के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक में अंगदान के लिए हमेशा काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि आज उस मां के दो मासूम बच्चे भले ही मां के बिना बड़े होंगे, लेकिन उन्हें जीवन भर इस बात पर गर्व रहेगा कि उनकी मां मर कर भी पांच लोगों की मां बन गई। वह पांच लोगों के शरीर में हमेशा जिंदा रहेंगी।
एक मां के जाने से छह घरों में लौटी खुशियां
सोटो हरियाणा की स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष और पीजीआईएमएस के निदेशक डॉक्टर एस के सिंघल ने बताया कि जानकारी के अनुसार महिला द्वारा किए गए अंगदान के तहत सोटो, रोटो और नोटो द्वारा सारी रात अंगों को नियमानुसार अलोट किया गया, जिसके तहत -
- 1 किडनी - कमांड हॉस्पिटल चंडीमंदिर कैंट में भर्ती एक मरीज को मिली।





