रेवाड़ी: कापड़ीवास में रक्षाबंधन के दिन एक 28 वर्षीय युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी विपिन हाल ही में एक निजी कंपनी में नौकरी पर लगा था और करीब 15 दिन पहले ही पत्नी व दो बच्चों के साथ कापड़ीवास में किराए के मकान में रहने आया था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले उसका पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
इसके बाद रक्षाबंधन पर पत्नी अपने एक बच्चे को साथ लेकर मायके चली गई। घर पर विपिन और उसका दूसरा बेटा मौजूद थे। कुछ समय बाद विपिन ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता चलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया।
परिजनों की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
मृतक की पहचान शाहजहांपुर के बाबा नगर निवासी 28 वर्षीय विपिन के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह जानने में जुटी है। पत्नी के साथ हुए विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


