रोहतक, हरियाणा: रोहतक की पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने दिवाली के पर्व को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए हैं। अगले दो से तीन दिनों तक पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों को अतिरिक्त ड्यूटी पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मुहैया कराया जा सके।
स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण का स्तर सामान्य से अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि केवल ग्रीन पटाखे ही सीमित मात्रा में प्रयोग किए जाने चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने और बच्चों को अकेले पटाखे जलाने से बचाने का आग्रह किया, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे से बचा जा सके।
डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि मिठाइयों में मिलावट से बचना चाहिए, क्योंकि इससे त्यौहार की खुशी के बीच स्वास्थ्य खराब हो सकता है। विशेषकर दमा और अस्थमा जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए बढ़ता प्रदूषण उनकी समस्या को और गंभीर कर सकता है। ऐसे मरीजों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने और भीड़-भाड़ या प्रदूषित इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
रजिस्ट्रार डॉ. रूपसिंह ने बताया कि दीपावली के दौरान अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ कर दिया गया है। पीजीआईएमएस के ट्रॉमा सेंटर, बर्न यूनिट और इमरजेंसी विभाग में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को अतिरिक्त ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया है ताकि आपात स्थिति में मरीजों को सहायता तुरंत मिल सके।
डॉ. रूपसिंह के मुताबिक, पर्याप्त दवाइयां, बेड, ऑक्सीजन और एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस स्टाफ को भी 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर दिवाली पर कोई दुर्घटना होती है तो इसकी तत्काल जानकारी पीजीआई प्रशासन को देना आवश्यक है। इस प्रकार, विश्वविद्यालय की ओर से दिवाली के दौरान स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को मजबूत कर दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करने के लिए तैयार किया गया है।





